6,000 की फ्लाइट टिकट 18-20 हजार में मिल रही

रायपुर, छत्तीसगढ़ के रायपुर से दिल्ली, मुंबई, पुणे, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों में जाना महंगा हो गया है। ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट की वजह से लोग फ्लाइट के भरोसे हैं, लेकिन 6-8 हजार के टिकट अभी 18 से 20 हजार में मिल रहे हैं। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

छत्तीसगढ़ से ज्यादातर लोग इन शहरों में काम और पढ़ाई करने जाते हैं। ऐसे में यात्रियों को 3 गुना किराया देना पड़ रहा है। ज्यादा कीमतों की वजह से लोग अभी जाने से भी कतरा रहे हैं। 7 नवंबर तक फ्लाइट्स की कीमतें कम होने की संभावना नहीं है। वहीं ट्रेनों में भी कन्फर्म सीटें नहीं मिल रही हैं।

महंगी टिकट लेकर यात्रा करना ही ऑप्शन

रायपुर के अपूर्व गुप्ता ने बताया कि उन्हें त्योहार के बाद बेंगलुरु जाना है। ट्रेन में वापसी की टिकटें पहले से बुक थीं, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हो पाई। फ्लाइट का किराया भी 18 से 24 हजार रुपए के बीच है। ऐसे में पहले से टिकट बुक कराने का कोई फायदा नहीं मिला। अब महंगी टिकट लेकर यात्रा करना ही एकमात्र ऑप्शन है।

इसी तरह अविनाश कुमार रियल स्टेट के काम से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब वे पुणे से रायपुर आए तब टिकट बुकिंग 10 हजार में हुई थी, लेकिन वापसी का किराया 16 से 24 हजार तक का है। दिवाली में घर आने के लिए एक्साइटमेंट रहता है, लेकिन बढ़ा हुआ किराया वापसी का दुख और बढ़ा रहा है।

फेस्टिव सीजन के चलते बढ़े दाम

ट्रैवल संचालक कीर्ति व्यास ने बताया कि आमतौर पर दिवाली के समय फ्लाइट टिकट की कीमत बढ़ जाती है, लेकिन इस बार यह बढ़ोतरी तीन गुना है। खास तौर पर भाई दूज के बाद रिटर्न टिकट की मांग ज्यादा होती है। ऐसे में एयरलाइंस कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की है।

उन्होंने बताया कि दोपहर और शाम की फ्लाइट सबसे महंगी हैं। दिल्ली का जो टिकट आमतौर पर 7 हजार में मिलता है, उसका किराया आज 28 हजार हो गया है।

रायपुर से पटना का किराया 18 से 34 हजार

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी छठ पूजा को लेकर दूसरे राज्यों से बिहार जाने वाली सभी ट्रेनों में सीटें फुल हो गई है। वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रही। ऐसे में लोग फ्लाइट्स से आने के लिए मजबूर हैं, लेकिन पटना जाने वाली फ्लाइट का टिकट भी महंगा हो गया है। रायपुर से पटना का किराया 18 से 34 हजार के करीब पहुंच गया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *