बिलासपुर सिविल पुलिस ने पांच माह से फरार नौकरी से बर्खास्त आरक्षक को गिरफ्तार किया है, जिसने नौकरी लगाने के नाम पर 21 लोगों से एक करोड़ 13 लाख की ठगी की है। इसी तरह चकरभाठा पुलिस ने भी ठगी के आरोपी डॉक्टर चंद्र प्रकाश प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। उसने नौकरी दिलाने के नाम पर 13 लोगों से 54 लाख 70 हजार की ठगी की है।

आरोपी बर्खास्त आरक्षक पंकज शुक्ला ने 21 लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर कुल 1 करोड़ 13 लाख रुपए लेकर धोखाधड़ी की। सिविल लाइन थाने में पिछले 10 अगस्त को इसे लेकर अपराध दर्ज किया गया था। थाना स्तर पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। आरोपी लगातार फरार चल रहा था। इस बीच आरोपी ने जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने कोर्ट से सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इधर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोरबा के रहने वाले डॉ. चंद्र प्रकाश प्रधान ने 13 लोगों से 54 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की। इन बेरोजगारों को उसने नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। वह शुक्रवार को चकरभाठा  के बाजार में घूमते देखा गया। पुलिस ने पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *