नारायणपुर, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार 30 दिसंबर को जिले में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के अंतर्गत राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में SIR-2026 के तहत नोटिस जारी करने, दावा–आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
बताया गया कि 01 जनवरी 2026 को जो भी भारत के नागरिक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, अथवा जिनका नाम किसी कारणवश ड्राफ्ट मतदाता सूची में छूट गया है, वे फॉर्म-06, घोषणा पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों को साप्ताहिक प्रगति की जानकारी भी दी गई। साथ ही उनसे आग्रह किया गया कि ड्राफ्ट रोल के प्रकाशन के उपरांत उसका अवलोकन एवं परीक्षण करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रारूप एवं उचित माध्यम से दावा–आपत्ति प्रस्तुत कर मतदाता सूची का शुद्धिकरण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे SIR-2026 की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाई जा सके।
