जगदलपुर। बस्तर में रोजी-रोटी की जद्दोजहद ने एक और जान ले ली, जहां सिटी कोतवाली क्षेत्र के बनियागांव में रेत निकालते वक्त किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार को बल्लारी नाला में हाथ से रेत निकालने के दौरान अचानक धंसान हुआ और किसान गहरे गड्ढे में समा गया। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मदद की गुहार लगाई प्रशासन और ग्रामीणों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रेत की गहराई ने राहत कार्य को बेहद मुश्किल बना दिया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से शव बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान सुखराम पोयाम 37 निवासी मांझीपारा बनियागांव के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह गौठान के पीछे नाले से रेत निकाल रहा था तभी हादसा हुआ। घटना ने असुरक्षित खनन की सच्चाई उजागर कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब सवाल यही है कि आखिर कब तक पेट की आग बुझाने के लिए लोग जान जोखिम में डालते रहेंगे।
