रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की शाम ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच यात्री फंस गया, जिसे करीब 1 किलोमीटर दूर तक ट्रेन घसीटती ले गई। बुरी तरह से घायल हुए यात्री को सिविल अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी दर्दनाक मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान बिहार के दरभंगा निवासी योगेंद्र यादव के तौर पर हुई। योगेंद्र यहां सलाणा गांव में काम करता था। छठ पूजा पर अपने गांव जा रहा था। योगेंद्र ने खन्ना स्टेशन से शहीद एक्सप्रैस पकड़नी थी। गाड़ी लेट थी। स्टेशन पर काफी भीड़ थी, जहां 2 मिनट का स्टापेज है। जैसे ही करीब साढ़े 6 बजे गाड़ी आई तो यात्री एकदम सवार होने के लिए टूट पड़े।भीड़ काफी थी। स्टापेज के समय में सभी यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ पाए। इसी बीच गाड़ी चल पड़ी। गाड़ी पकड़ने की कोशिश में योगेंद्र का पांव फिसल गया। वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। जब तक गार्ड ने गाड़ी को रोका, तब तक गाड़ी योगेंद्र को एक किलोमीटर दूर तक घसीट ले गई। योगेंद्र के शरीर का आधा हिस्सा खत्म हो गया था। ऊपरी भाग बचा था। कुछ सांसें चल रही थीं। अस्पताल जाने तक उसकी मौत हो गई। रेलवे पुलिस के ए.एस.आई. जगतार सिंह ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिवार को सूचित कर दिया है। शनिवार को परिजनों के आने पर बयान दर्ज होंगे। धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले किया जाएगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *