जिले में प्रथम पाली में 4674 अभ्यर्थी और द्वितीय पाली में 7361 परीक्षार्थी होंगे शामिल 

उत्तर बस्तर कांकेर, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 01 फरवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। शिक्षक पात्रता परीक्षा में प्रथम पाली में प्राथमिक कक्षाओं के अध्यापन के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य के लगभग 01 लाख 19 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन के लिए परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 02 लाख 05 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। यह परीक्षा 20 जिलों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्य के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

व्यापम द्वारा अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया गया है, जिसके अनुसार  परीक्षार्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन कर लेने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें परीक्षा दिवस को कोई असुविधा न हो। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 02 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचने के लिए कहा गया है, ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9.30 बजे से प्रारंभ होगी, इसलिए मुख्य द्वार प्रातः 09 बजे बंद कर दिया जावेगा। इसी प्रकार द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 03 बजे से प्रारंभ होगा, अतः मुख्य द्वार दोपहर 2.30 बजे बंद कर दिया जाएगा।

परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपडे़़ पहनकर परीक्षा देने आने कहा गया है। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर, बिना पॉकेट की अनुमति होगी। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। स्वेटर हेतु हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं होगा।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने के उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी।

फुटवियर के रूप में चप्पल पहनने के निर्देश है, कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा केंद्र में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित किया गया है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में केवल काले या नीले बॉल पाइंट पेन लेकर आने के निर्देश है। व्यापम द्वारा मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए कांकेर जिले में प्रथम पाली में 19 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, जिसमें 04 हजार 674 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसी प्रकार द्वितीय पाली के लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें 07 हजार 361 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *