राजनांदगांव-कबीरधाम लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय ने बुधवार को लोकसभा में राजनांदगांव में डाक विभाग का संभाग नहीं होने से होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया और राजनांदगांव को डाक विभाग का संभाग बनाने की मांग की। सांसद संतोष पांडेय ने सदन में अपनी बात रखते हुए कहा कि संसदीय क्षेत्र राजनांदगांव में डाक विभाग का उपसंभाग है, किंतु संभागीय कार्यालय भिलाई (दुर्ग) में होने के कारण राजनांदगांव जिला सहित पास लगे हुए अन्य जिले व लोकसभा क्षेत्र के नागरिक एवं कर्मचारी डाक विभाग से संबंधित कार्य हेतु भिलाई (दुर्ग) पर निर्भर रहते है। 


सांसद ने कहा कि डाक संभाग कार्यालय दूरस्थ होने के कारण आम जनता का समय और आवागमन में पैसा दोनों बर्बाद होता है। गत दिनों संसदीय क्षेत्र के जिलों की संख्या दो से बढ़कर चार हो गई है। जिसमें से एक जिला पूर्णता आदिवासी जिला है। राजनांदगांव उपसंभाग के तहत वर्तमान में जिला कबीरधाम, जिला खैरागढ़- छुईखदान-गंडई, जिला मोहला-मानपुर-चौकी जो कि पूर्णता आदिवासी जिला भी है, विकासखंड डोंगरगढ़ व डोंगरगांव, उपसंभाग के रूप मे कार्यरत है। 


सभी उपसंभाग की दूरी राजनांदगांव जिला मुख्यालय से समीप है लेकिन वर्तमान संभागीय कार्यालय की औसत दूरी सभी जिलों से 120 किमी है। इसके मद्देनजर उक्त उपसंभागों को जोड़कर राजनांदगांव को पूर्ण संभाग का दर्जा देने की मांग की। संभाग बन जाने से डाक विभाग से संबंधित समस्त कार्य राजनांदगांव से होने लगेगा तथा संपूर्ण कार्य में अनावश्यक विलंब ना होकर कार्य त्वरित गति से होने लगेगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *