रायपुर । साइंस कालेज परिसर से हटाए गए चौपाटी के कारोबारियों को निगम प्रशासन ने आमा नाका रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे व्यवस्थापन शुरू कर दिया है।

सभी की गुमटी ठेलों को वहां अनलोड किया जा रहा है। बता दें कि यह इलाका रेल लाइन के दायरे में आता है इसलिए हाल में रेलवे ने भी नोटिस लगा रखा है। इससे पहले कल रात से कांग्रेस नेता कारोबारियों के समर्थन में जमकर विरोध कर रहे हैं। सभी को गाड़ियों में भरकर पुलिस ले गई। उसके बाद व्यवस्थापन शुरू किया।

बीजेपी विधायक राजेश मूणत और कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल के बीच जमकर बहस हुई। साइंस कॉलेज मैदान के सामने से चौपाटी हटाने के विरोध में बहस हुई। दरअसल शहर के जीई रोड स्थित एनआईटी के पास बने साइंस कॉलेज मैदान की चौपाटी को हटाने की कार्रवाई को लेकर मंगलवार देर रात से ही राजनीतिक घमासान शुरू हो गया। चौपाटी हटाने की प्रशासनिक तैयारी की खबर मिलते ही कांग्रेस नेता अपने समर्थकों और दुकानदारों के साथ मौके पर ही पहुंच गए और रातभर धरने पर बैठे रहे।

शनिवार सुबह हालात तब और गरम हो गए जब पुलिस बल और नगर निगम का अमला जेसीबी क्रेन तथा अन्य उपकरणों के साथ चौपाटी हटाने पहुंचे। पुलिस ने पहले इलाके को घेरा, फिर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। कांग्रेस समर्थकों ने जोरदार विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

मौके पर मौजूद दुकानदारों ने कहा कि यह चौपाटी वर्षों से उनकी आजीविका का केंद्र रही है और अचानक बिना समुचित विकल्प दिए इसे हटाने का निर्णय अनुचित है। उनका कहना था कि प्रशासन को पुनर्वास की व्यवस्था के बिना कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करते हुए उन्हें मौके से दूर खदेड़ना शुरू किया। कुछ प्रदर्शनकारियों को अस्थायी रूप से हिरासत में लेने की भी खबर है। घटना के कारण जीई रोड क्षेत्र में सुबह से ही ट्रैफिक धीमा रहा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *