अम्बिकापुर । जिले में कलेक्टर एवं अध्यक्ष (कार्यकारिणी) जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण अजीत वसंत के मार्गदर्शन में संभागीय संयुक्त संचालक संजय कुमार गुप्ता द्वारा प्रदेश व्यापी शिक्षार्थी आकलन महापरीक्षा अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।

राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा प्राप्त चेक लिस्ट के आधार पर आयोजित इस समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, जिला परियोजना अधिकारी, प्राचार्य डाइट तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आगामी 22 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले महापरीक्षा अभियान के सफल आयोजन के लिए जिलेवार तैयारियों की जानकारी ली गई।

वेबीनार के माध्यम से आयोजित इस बैठक में संयुक्त संचालक गुप्ता ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा गुणवत्तापूर्ण परीक्षा आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक स्तर पर वातावरण निर्माण, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा शिक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने के लिए आवश्यक ड्यूटी लगाने हेतु विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि महापरीक्षा अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक शिक्षार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कर साक्षरता के लक्ष्य को मजबूती प्रदान किया जाए। अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *