बिलासपुर बिलासा कन्या कालेज के सामने तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर घायल छात्रा ने 19 दिन बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में आठ छात्राओं को चोटें आई थीं। इनमें से एक के सिर और चेहरे में गंभीर चोटें थीं। मामले में पुलिस ने कार जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच सिविल लाइन पुलिस कर रही है।

रतनपुर निवासी विकास रावत अपने परिचित आदतन बदमाश दिलीप बंजारे की कार को लेकर घूमने निकला था। राजेंद्र नगर चौक की ओर से आ रहे विकास ने बिलासा कन्या कालेज से निकल रही छात्राओं की भीड़ पर कार चढ़ा दी। हादसे में कालेज के सामने खड़ी चकरभाठा निवासी हेमा वर्मा, हेमा राठिया, उमा भारती नायक, मंगलमनि भगत, प्रियंका यादव समेत आठ छात्राओं को चोटें आईं। इधर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। आसपास के लोगों ने कार चला रहे विकास रावत को पकड़ लिया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हेमा समेत अन्य छात्राओं को अस्पताल भेजा। हेमा की स्थिति देखते हुए उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। स्वजन उसे अपोलो से लेकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां स्थिति में सुधार नहीं होने पर हेमा को रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के 19 दिन बाद हेमा ने रायपुर के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। छात्राएं कर रही थीं प्रार्थना हादसे के बाद हेमा की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। उसकी सलामति के लिए कालेज की छात्राएं प्रार्थना कर रही थीं। साथ ही इलाज के लिए मदद भी की गई। इसके बाद भी उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। हेमा के सिर और चेहरे में गंभीर चोटें आई थीं। इसके कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। सोमवार को हेमा की मौत की जानकारी मिलते ही कालेज में सन्नाटा पसर गया।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *