नारायणपुर। नारायणपुर में आईटीबीपी के जवानों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक मासूम बच्चे की जान बचाई। यह सराहनीय कार्य आईटीबीपी की 41वीं वाहिनी के जवानों ने किया। जानकारी के अनुसार 3 साल 6 महीने के पंकज सलाम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्चे को बी पॉजिटिव ब्लड की तत्काल जरूरत थी। लेकिन उस समय अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त उपलब्ध नहीं था। मामले की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने तुरंत आईटीबीपी से संपर्क किया।
इसके बाद 41वीं बटालियन के कमांडेंट नरेंद्र सिंह को स्थिति से अवगत कराया गया। कमांडेंट के निर्देश पर जवान तुरंत अस्पताल पहुंचे। सहायक निरीक्षक जगदीश सिंह और सहायक उप निरीक्षक कुंजीलाल ने रक्तदान किया। दोनों जवानों ने 300-300 मिलीलीटर रक्त देकर बच्चे की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। समय पर मिले रक्त से बच्चे का उपचार संभव हो पाया। इस मानवीय पहल की अस्पताल प्रशासन और परिजनों ने सराहना की है।
