रायपुर। छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक विभागीय परीक्षा-2024 के पेपर लीक मामले में एसीबी-ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर की स्पेशल कोर्ट में करीब 3,000 पन्नों का चालान पेश किया है। बताया जा रहा है कि 7 जनवरी 2024 को आयोजित होने वाली परीक्षा से पहले ही आरोपियों ने पैसों के बदले प्रश्नपत्र लीक कर दिया था।
वहीं जांच एजेंसी के मुताबिक, 100 से ज्यादा अभ्यर्थियों तक लीक पेपर पहुंचाया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि परीक्षा से एक रात पहले यानी 6 जनवरी 2024 को कई अभ्यर्थियों और आरोपियों की लोकेशन एक ही स्थान पर पाई गई थी, जिससे साजिश की पुष्टि के संकेत मिले हैं।
इस मामले में सहायक सांख्यिकी अधिकारी वीरेंद्र जाटव और हेमंत कुमार कौशिक पर पेपर लीक कराने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की सुनवाई रायपुर की विशेष अदालत में जारी है।
