बिलासपुर. शहर में डिलीवरी के दौरान 45 लाख रुपए कीमत की चांदी गायब होने का मामला सामने आया है. सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के सराफा कारोबारी ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार रायपुर से वीआईपी कुरियर के माध्यम से करीब 18 किलो चांदी का पार्सल बिलासपुर भेजा गया था. पार्सल प्रतिमा ज्वेलर्स के लिए था. बिलासपुर पहुंचने के बाद कुरियर ब्वॉय दो पार्सलों में से केवल 10 किलो चांदी की डिलीवरी दे पाया, जबकि करीब 8 किलो चांदी से भरा दूसरा पार्सल गायब हो गया.
बताया जा रहा है कि गायब चांदी की कीमत लगभग 45 लाख रुपए आंकी गई है. कुरियर ब्वॉय ने थाने में दिए बयान में बताया कि सत्या सर्विसेस से डॉक्टर लाडीकर हॉस्पिटल के बीच रास्ते में पार्सल कहीं गिर गया. इसके बाद काफी तलाश की गई, लेकिन पार्सल का कोई पता नहीं चल सका. मामले की जानकारी मिलने पर सराफा कारोबारी ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और गायब पार्सल की तलाश की मांग की. पुलिस ने कारोबारी और कुरियर कंपनी दोनों पक्षों के आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पार्सल का सुराग मिल सके.



