छतरपुर

 छतरपुर में बुधवार दाेपहर करीब ढाई बजे 4 साल का बच्चा बोरवेल में गिर गया। घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र के नारायणपुरा और पठापुर गांव के पास की है। बारिश काे देखते हुए ग्रामीणों ने बोरवेल के ऊपर अस्थाई छतरी बना दी है। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। बोरवेल के अंदर कैमरा डाला गया है, जिसमें बच्चे का मूवमेंट नजर आया है। आसपास करीब 18 फीट गहरा गड्‌ढा खोदा जा चुका है। मौके पर SDERF की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। टीम सुरंग खोदने की तैयारी कर रही है। बच्चे ने टीम द्वारा गड्‌ढे में डाली गई रस्सी पकड़ ली है।

प्रशासनिक अमला रेस्क्यू में जुट गया है। CMO ओमपाल सिंह भदौरिया ऊपर से फीता डाल रहे हैं। DSP शशांक जैन गड्ढे में नापने के लिए उतरे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियोकॉल के माध्यम से बच्चे की मां से बात की। सीएम ने उन्हें बच्चे को सुरक्षित निकालने का आश्वासन दिया।

छतरपुर के नारायणपुरा के रहने वाले अखिलेश यादव का 4 साल का बेटा दीपेंद्र यादव परिवार के साथ खेत पर गया था। यहां खेलते-खेलते वह बोरवेल में गिर गया। कलेक्टर संदीप जीआर ने बताया कि मासूम दीपेंद्र 40 फीट की गहराई पर फंसा है। बच्चा बात कर रहा है। बोरवेल में ऑक्सीजन सप्लाई शुरू कर दी गई है। बारिश होने से खेत में कीचड़ हो गई है। इस कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही है।

ग्वालियर, जबलपुर और सागर से एसडीईआरएफ की टीमें भी रवाना हो गई हैं। शाम करीब 4 बजे लखनऊ से 27 जवानों की NDRF टीम भी रवाना हो गई है। बचाव कार्य में आर्मी यूनिट भी बुलाई गई है।

 

150 लोग रेस्क्यू में लगे

बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू टीम के करीब 150 लोग लगे हैं। इसमें एसडीआरएफ, पुलिस, नगर पालिका और नगर सेना की टीम शामिल है। इसके अलावा करीब 300 से ज्यादा ग्रामीण भी मदद के लिए मौजूद हैं। बोरवेल में कैमरा डाला गया है। वहीं, तीन जेसीबी से बोरवेल से करीब 7 फीट दूर से खुदाई की जा रही है।

मां लक्ष्मी यादव ने बताया कि बेटा दादा के साथ खेत पर गया था। उनके दो बेटे हैं। बड़ा नरेश और छोटा दीपेंद्र है। पिछले साल ही नर्सरी में दाखिल करवाया था। एक साल पहले ही खेत पर बोरवेल लगवाया था। पानी नहीं निकलने के कारण बोरवेल को कंटीली झाड़ियां रखकर बंद कर दिया गया था। बारिश के पहले खेत बनाने के लिए हाल ही में झाड़ियों को हटाया गया था। वहां खेलते हुए दीपेंद्र बोरवेल के पास गया और हादसा हो गया।

 बारिश के कारण रेस्क्यू में आ रही दिक्कत
कलेक्टर संदीप जीआर ने बताया कि बच्चा 30 से 40 फीट गहराई पर फंसा है। बोरवेल के समानांतर खुदाई की जा रही है। बच्चे को ऑक्सीजन सप्लाई दी जा रही है। बारिश के कारण कीचड़ हो गया है। इससे रेस्क्यू में थोड़ी दिक्कत आ रही है। हालांकि सुरंग बनाकर बच्चे को सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज ने ली रेस्क्यू की जानकारी
छतरपुर में बच्चे के बोरवेल में गिरने की खबर पर CM शिवराज सिंह ने अफसरों से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली है। शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री और कलेक्टर छतरपुर से फोन पर चर्चा कर निर्देश दिए हैं कि बच्चे को शीघ्र निकालने की समुचित व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ की टीम को भी निर्देश दिया है कि वह घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चे को निकालने का कार्य प्रारंभ करे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *