विदिशा
18 वर्षों तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और अब विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी बने शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति में बीते पांच माह के दौरान 21 लाख रुपये की वृद्धि हुई है, वहीं उनकी पत्नी साधना सिंह की संपत्ति मे भी 15 लाख रुपये का इजाफा हुआ है। शिवराज ने शुक्रवार को रायसेन में अपना नामांकन पत्र जमा किया है। इसके साथ दाखिल हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 3 करोड़ 42 लाख रुपये दर्शाई है, जबकि पिछले वर्ष अक्टूबर में विधानसभा चुनाव के दौरान बुधनी से प्रत्याशी के तौर पर जमा कराए गए हलफनामे में शिवराज ने अपनी चल–अचल संपत्ति 3 करोड़ 21 लाख रुपये बताई थी।

इस बार लोकसभा चुनाव के लिए दी गई जानकारी में भी उन्होंने आय विवरणी में वर्ष 2021–22 की तुलना में वर्ष 2022– 23 की आय में दो लाख रुपये की कमी बताई है। शपथ पत्र के अनुसार शिवराज के पास एक करोड़ 24 लाख रुपये की चल और दो करोड़ 17 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। उन पर किसी बैंक का कर्ज नहीं है। वहीं उनकी पत्नी साधना सिंह के पास एक करोड़ 17 लाख रुपये की चल और चार करोड़ 39 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। साधना सिंह के नाम 64 लाख रुपये का कर्ज है।

शिवराज के पास नहीं है कार
विदिशा संसदीय क्षेत्र से पांच बार सांसद रहे और 18 वर्षों तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह के पास स्वयं की एक भी कार नहीं है। उनकी पत्नी साधना सिंह के नाम एक एंबेसडर कार है। शस्त्र के रूप में शिवराज के पास एक रिवाल्वर है। उनके पास 96 तोला सोने के जेवर और पत्नी साधना सिंह के पास 535 ग्राम सोने के जेवरात है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *