भोपाल

जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने सोमवार को वल्लभ भवन क्रं.-3 के भूतल स्थित मृगनयनी एम्पोरियम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एम्पोरियम के जरिये बेचे जाने वाले वस्त्रों व उत्पादों की जानकारी ली और प्रसन्नता व्यक्त की।

मंत्री डॉ. शाह ने एम्पोरियम में प्रदर्शित वस्त्रों पर रूचि व्यक्त की और अपनी जरूरत व पसंद के अनुसार एम्पोरियम से परिधानों की नकद खरीदारी की। उन्होंने कहा कि हाथ से बने वस्त्रों की बात की कुछ और है। यह आकर्षक होने के साथ टिकाऊ भी होते हैं। उन्होंने आगे भी यहीं से परिधान खरीदने की इच्छा व्यक्त की।

कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल को जब यह जानकारी मिली, तो उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनजातीय कार्य मंत्री से व्यक्तिश: मिलकर उनका आभार व्यक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों सहित अन्य उत्पादों के विकास के लिये प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि मृगनयनी एम्पोरियम्स कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित किये जाते है। मृगनयनी एम्पोरियम्स में खादी से बने वस्त्र, परिधान, चादर, कॉसे, ताम्बे से बने खिलौने, बर्तन, मूर्तियां, झूमर, झालर आदि विक्रय किये जाते हैं।

 

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *