ग्वालियर
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार 10 मार्च से तीन  दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश आ रहे हैं। इस दौरान वे ग्वालियर और सागर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री के कार्यालय से जारी आधिकारिक दौरा कार्यक्रम के अनुसार ज्योतिरादित्य सिंधिया  10 मार्च को दोपहर 12 बजे किशनबाग बहोड़ापुर में 30 बिस्तर के अस्पताल और आगरा-मुम्बई मार्ग से बरागाँव तक सड़क निर्माण की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद अपरान्ह 3:45 बजे फूलबाग मैदान में पंडित रमेशभाई ओझा की श्रीमद् भागवत कथा सुनने पहुँचेंगे। इस कथा का आयोजन पूर्व मंत्री एवं अटल बिहारी वाजपेयी करा रहे हैं।

इसी क्रम में सिंधिया शाम 5 बजे एमआईटीएस में ड्रोन स्कूल का शुभारंभ और बालक छात्रावास का लोकार्पण करेंगे। यहाँ से 6:30 बजे सिंधिया कटोराताल रोड़ स्थित अपने परिवार के छत्री परिसर में पहुंचकर अपने पिता माधवराव सिंधिया जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भजन संध्या में शामिल होंगे।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया 11 मार्च को प्रात: 9 बजे जयारोग्य अस्पताल समूह का निरीक्षण करने जायेंगे। श्री सिंधिया अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दोपहर 1:45 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा गढ़कोटा सागर जायेंगे । सिंधिया गढ़कोटा में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद सायंकाल 5:45 बजे वापस ग्वालियर लौटेंगे।वे शाम 6 बजे चेम्बर ऑफ कॉमर्स में सर्व वैश्य समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 7:15 बजे दैनिक भास्कर समाचार पत्र के हैल्थ केयर अवार्ड कार्यक्रम में भाग लेंगे।

ग्वालियर प्रवास के दौरान सिंधिया 12 मार्च को प्रात: 7 बजे स्वच्छता अभियान “गली-गली – वार्ड-वार्ड” कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद प्रात: 11:45 बजे कलेक्ट्रेट पहुँचकर ग्वालियर शहर की पेयजल आपूर्ति एवं शहर के विकास से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करेंगे। बैठक के बाद दोपहर डेढ़ बजे आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण करने जायेंगे। इसी क्रम में दोपहर 2 बजे जलालपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करेंगे। केंद्रीय मंत्री सिंधिया अपरान्ह लगभग 4 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल से वायुमार्ग द्वारा इंदौर के लिये प्रस्थान करेंगे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *