जबलपुर
चुनावी बिगुल के साथ ही जीत की रणनीति बनाने में जुटी भाजपा के मुखिया ने कार्यकर्ताओं को नया मंत्र दिया। रानी दुर्गावती मंडल की बैठक में जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय करने को कहा। बूथ में फिर से कार्य विस्तार करने पर जोर दिया। कहा अगले पांच दिन में हर बूथ 60 लोगों को जोड़े। इसमें 20 आरक्षित वर्ग, 20 महिला और 20 युवा होना जरूरी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने मंडल के लगभग 84 सदस्यों से परिचय लिया। इस दौरान उन्होंने पारिवारिक माहौल में चुनाव के लिए पूरी तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि हर बूथ के पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी जाए, वह क्या कर रहा है आगामी योजना क्या है। उन्होंने कहा कि निकाय,पंचायत चुनाव में हार का मुंह देखने वालों को भी पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाए। वैचारिक विरोधियों को वैचारिक मत से समझाने का प्रयास किया जाए।

 

सरकार और संगठन की बात पहुंचाए

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता बूथ में केंद्र और राज्य की सरकार द्वारा जारी जनहित के कार्य को जनता के बीच पहुंचाने का काम करे। प्रधानमंत्री की मन की बात हो या मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजना के बारे में बताए। करीब एक घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा संभागीय कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी शामिल रहे।

अजा मोर्चा कार्यकर्ता के घर पर खाए मंगोड़े और पी चाय

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता आशीष अहिरवार के घर पहुंचे। आशीष मोर्चा के संभागीय सोशल मीडिया प्रभारी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ आशीष के घर पर मंगोड़े खाए और चाय पी। आशीष ने बताया, मंगोड़े और चाय उनकी मां ने खुद ही बनाया था, जिसे सभी ने पसंद किया। इस मौके पर आशीष के घर के पांच सदस्य मौजूद रहे। इसके पहले पुलिस ने आशीष के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *