मंदसौर
मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सहस्त्र शिवलिंग मंदिर के पास देश का सबसे बड़ा 37 क्विंटल (3700 Kg) का महाघंटा स्थापित किया गया। संभवत: यह दुनिया का सबसे बड़ा और वजनी घंटा है। 36 लाख रुपए की लागत से बने इस घंटे को 10 कारीगरों की टीम ने रात-दिन मेहनत कर तैयार किया है।

महा घंटे के बाहर की ओर भगवान पशुपतिनाथ की आकृतियां बनाई गई है। सहस्त्र शिवलिंग मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महा घंटे का भी उद्घाटन करेंगे। प्रदेश की बात करें तो दतिया में रतनगढ़ माताजी मंदिर में 1635 Kg का घंटा स्थापित है।

मंदिर में घंटी नहीं दिखी, वहीं से आया आइडिया

श्री कृष्ण कामधेनु के अध्यक्ष दिनेश नागर ने बताया कि मैं मंदिर में दर्शन करने पहुंचा तो बाहर घंटी नजर नहीं आई। इस पर मंदिर में विश्व का बड़ा घंटा स्थापित करने का मुझे आइडिया आया। महा घंटे के लिए 2017 में अभियान चलाया गया था। शुरुआत में 21 क्विंटल का घंटा स्थापित करने के लक्ष्य के साथ हमने अभियान की शुरुआत की। संस्था के सदस्यों ने हर रविवार को जिलेभर में यात्रा निकालना शुरू किया। 150 से ज्यादा यात्राओं के माध्यम से मंदसौर शहर और ग्रामीण इलाकों से तांबा पीतल एकत्रित किया। भक्तों ने भी पुराने बर्तन महा घंटा निर्माण के लिए दान में दिए। इसके बाद हमने गुजरात के अहमदाबाद की एक कंपनी को इसे बनाने का ठेका दिया।

25 क्विंटल तांबा-पीतल दान में मिला था
नागर ने बताया कि कंपनी ने इसे बनाने के लिए 10 लोगों की एक टीम तैयार की थी। इन्होंने 6 महीने तक दिन-रात काम कर इसे तैयार किया। महा घंटे को बनाने के बाद डेढ़ महीने तक इसे जमीन में दबाकर रखा गया ताकि इसे प्राकृतिक ठंडक में ढाला जाए। करीब 36 लाख रुपए कीमत से बने घंटे के लिए हमें 25 क्विंटल तांबा-पीतल दान में मिला था। इसके अलावा कई लोगाें ने नकद दान भी किया। दान में मिले तांबा-पीतल के साथ करीब 15 लाख रुपए और लागत लगी। घंटे के निर्माण के लिए साढ़े 3 लाख रुपए जीएसटी भी चुकाई गई है। महा घंटे को गुजरात से एक स्पेशल ट्रॉली में रखकर लाया गया।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *