राजनांदगांव, अफसरों ने बुधवार को एक दिन की कार्रवाई में कुल 18 प्रकरण में 48 लाख का 1570 क्विंटल अवैध धान जब्त किया। अब तक कुल 101 प्रकरणों में 4 करोड़ 54 लाख 57 हजार 966 रुपए मूल्य के 14663.86 क्विंटल 36660 बोरा अवैध धान और 7 वाहन जब्त किया जा चुका है। जिले में अवैध धान की बिक्री रोकने कोचियों एवं बिचौलियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अब अवैध धान की बिक्री की पुनरावृत्ति होने और संलिप्त पाए जाने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। राजस्व, खाद्य, मंडी विभाग अफसरों द्वारा कार्रवाई जारी है।
जिले के 1500 छोटे और बड़े मंडी अनुज्ञप्ति धारियों को सूचीबद्ध किया है। एसडीएम एवं तहसीलदारों, खाद्य व मंडी के अफसरों को जांच कर अवैध रूप से भंडारित धान जब्त करने, सख्त कार्रवाई करने निर्देश दिए है। अंतर राज्यीय अवैध धान को रोकने जिले में कुल 3 चेक पोस्ट बोरतलाब, पाटेकोहरा एवं कल्लू बंजारी में बने है। यहां मंडी, नगर सेना, वन, राजस्व के अधिकारियों द्वारा तीन पालियों में 24 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। खरीदी केन्द्रों में अफसरों द्वारा दबिश देकर लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
