राजनांदगांव। शिक्षा व संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी जिले की ख्याति प्राप्त संस्था गायत्री विद्यापीठ में “सकारात्मक व संवेदनशील पैरेंटिंग- आज की आवश्यकता” विषय पर एक अत्यंत प्रभावी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिशु रोग विशेषज्ञ किशोर स्वास्थ्य सलाहकार पद्मश्री डॉ.पुखराज जी बाफना थे। साथ ही विशेष सलाहकार के रूप में खुराना जी उपस्थित थे।

स्वागत उदबोधन गायत्री शिक्षण समिति के अध्यक्ष डॉ.बृजकिशोर सुरजन जी द्वारा दिया गया जिसमें उन्होंने डॉ.बाफना एवं डॉ.खुराना जी का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यालय के साथ-साथ अभिभावकों की भूमिका अति महत्वपूर्ण हो गई है ऐसे आयोजन बच्चों के बेहतर भविष्य हेतु अभिभावकों को सही दिशा, सोच और सही दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। अतिथि परिचय स्कूल आब्जर्वर अंकित व्यास द्वारा दिया गया।
उक्त सेमिनार में डॉ.बाफना द्वारा पालकों को संबोधित करते हुए कहा गया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक एवं डिजिटल युग में बच्चों की परवरिश एक बड़ी जिम्मेदारी है। केवल अनुशासन या केवल सख्ती से नहीं, बल्कि प्रेम, संवाद, विश्वास और सकारात्मक मार्गदर्शन के संतुलन से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने बताया कि माता-पिता का व्यवहार ही बच्चों के व्यक्तित्व की नींव रखता है। उन्होंने पालकों को बच्चों के साथ समय बिताने, उन्हें सुनने, उनकी भावनाओं को समझने, सोशल मीडिया के प्रभाव को संतुलित करने के व्यवहारिक उपाय बताए। उन्होंने बच्चों की तुलना दूसरों से करने की बजाए उनकी क्षमताओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करने का सुझाव भी देकर अनेक छोटे-छोटे उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने पैरेंटिंग की जटिल समस्याओं को सरल ढंग से समझाया जिससे सभी लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ.बाफना एवं डॉ.खुराना जी का विद्यालय परिवार द्वारा साहित्य, श्रीफल से सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन सचिव गगन लड्ढा जी द्वारा किया गया जिसमें उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्पूर्ण सेमिनार एक सकारात्मक संदेश के साथ- साथ बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा। आयोजन का शानदार वीडियोग्राफी शाला के व्याख्याता आशीष सोनवानी एवं शिक्षक याददास साहू ने किया। संगीत विभागाध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा एवं शिक्षक दिनेश साहू के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने भावपूर्ण गीत की प्रस्तुति दी। संचालन शाला की व्याख्याता उषा झा एवं अंजलि सोनवानी द्वारा किया गया।
इस आयोजन में गायत्री शिक्षण समिति के अध्यक्ष डॉ.बृजकिशोर सुरजन, उपाध्यक्ष संध्यादेवी सिंघल, राजेश जैन, सचिव गगन लड्ढा, सहसचिव निकुंज सिंघल, कोषाध्यक्ष सूर्यकान्त चितलांग्या, स्पोर्ट्स डायरेक्टर सागर चितलांग्या, संरक्षक नंदकिशोर सुरजन, सुषमा सुरजन, सांस्कृतिक प्रभारी हरीश गांधी, रूपाली गांधी, एकेडमिक डायरेक्टर अमित उत्तलवार, प्राचार्य शैलजा नायर, पिंकी खण्डेलवाल, सीमा श्रीवास्तव, उप प्राचार्य रश्मि ठाकुर, वंदना डुंभरे, तामेश्वरी साहू, प्रशासक अनिल वाजपेयी, स्कूल मैनेजर तरणजीत सिंह टूटेजा, स्कूल आब्जर्वर अंकित व्यास एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।
