अंबागढ़ चौकी, विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने बुधवार देर शाम इसकी समीक्षा की और राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक ली। कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं छूटना चाहिए। दावा-आपत्ति के लिए जिले में प्रतिदिन विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई की जा रही है। 14 फरवरी तक सुनवाई का मौका दिया जाएगा।

संभागायुक्त व रोल आब्जर्वर दुर्ग संभाग राठौर की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण आहर्ता तिथि 1 जनवरी 2026 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी सहित राजनैतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। राठौर ने कहा कि इसके लिए नियमानुसार सुनवाई व सत्यापन का कार्य जारी है। कहा कि 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी तक सुनवाई और सत्यापन (नोटिस चरण) के लिए तिथि निर्धारित है।

निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। दावा-आपत्ति का अधिकार प्रत्येक व्यक्ति को प्राप्त है। सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) आवेदन की सत्यता की जांच करेंगे उसके पश्चात ही निर्णय लिए जाएंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। कहा कि बिना सूचना के किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटेगा इसके लिए अपील करने का प्रावधान भी किया गया है।

सैकड़ों नाम कटाने फर्जी आवेदन, मुसलमान वोटर निशाने पर: एसआईआर के दौरान फर्जी आवेदन का बड़ा मामला देखने को मिल रहा है। नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सैकड़ों नाम काटने के फर्जी आवेदन डाला गया है, जिसमें मुख्यतः मुसलमान वोटर निशाने पर हैं। जबकि अभी तक आवेदन कर्ताओं की सही पहचान नहीं की जा सकी है। कुछ आवेदनकर्ता से पूछताछ करने पर उनके द्वारा आवेदन नहीं किए जाने की बात पंचनामा के माध्यम से बताया जा रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि उन फर्जी आवेदन को किसके द्वारा भरा गया होगा। जिले में मुख्यतः मुसलमान वोटरों का नाम काटने के लिए आवेदन किया गया है।

फर्जी आवेदन करने वाले तक पहुंचे प्रशासन: कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने समीक्षा बैठक में फॉर्म-7 के माध्यम से नाम काटने के लिए लगाए जा रहे फर्जी आवेदन करने वाले की पहचान करने प्रशासन को आगाह किया है। क्योंकि फॉर्म-7 के आवेदक एवं अनावेदक दोनों को उक्त संबंध में कोई जानकारी नहीं है और ना ही प्रशासन इस संबंध में कोई वैध जानकारी प्रदान कर रहा है। इस प्रकार से एसआईआर के माध्यम से फर्जीवाड़ा करना शासन-प्रशासन के नजरों के सामने हो रहा है जो गलत है। इस प्रक्रिया में जिनकी भी भूमिका है उनका पर्दाफाश होना चाहिए। कोई भी आवेदक तहसील कार्यालय व बीएलओ तक पहुंचकर फर्जी आवेदन देकर जा रहे हैं और प्रशासन उनकी ढूंढ नहीं पा रही है।

एसडीएम व थाना प्रभारी को सौंपा गया ज्ञापन काड़े के वोटर जिनके नाम काटने के लिए फॉर्म-7 का आवेदन किया गया है वे सभी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ठाकुर के नेतृत्व में मोहला एसडीएम डॉ. हेमेंद्र भूआर्य को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग किए हैं। साथ ही थाना मोहला में थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा को भी फर्जी मामले से अवगत कराया गया है। मीना मांझी, दिनेश साहू, मिर्जा नूर बेग, वसीम खान, इजरायल खान, रफीक खान, अज्जू खान, जैनुद्दीन गौरी उपस्थित थे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *