राजनांदगांव, नीलगिरी पार्क के अपार्टमेंट में पकड़ी गई 4 लाख की ब्रांडेड शराब के आरोपी जितेंद्र साहू को आबकारी विभाग ने जेल भेज दिया है। इसके पहले अफसरों ने आरोपी से लंबी पूछताछ की, वहीं उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जिसमें से कई इनपुट जुटाए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी जितेंद्र साहू ने सारी शराब नागपुर के दो अलग-अलग शराब दुकानों से खरीदने की जानकारी दी है। आरोपी ने बताया कि वह शराब खरीदने नागपुर जाता और अपने बैग में बोतलें रखकर राजनांदगांव आता था। उसने यह भी बताया कि शराब नागपुर से राजनांदगांव तक लाने के दौरान उसे एक बार भी पुलिस की जांच का सामना नहीं करना पड़ा। इसलिए आसानी से वह शराब लेकर शहर आता था। जिसे एकत्रित करने के बाद कस्टमर्स को डिलीवरी करता था। सहायक आबकारी आयुक्त अभि​षेक तिवारी ने बताया कि अब की जांच के मुताबिक आरोपी के सभी कस्टमर फोन कॉल से आर्डर करते थे, जिन्हें वह शराब की डिलीवरी करता था।

वाट्सएप चैट व कस्टमर लिस्ट की भी जांच जारी आबकारी विभाग ने मामले की जांच के लिए पुलिस को भी पत्र लिखा है। अब इस मामले की जांच पुलिस भी करेगी। सहायक आयुक्त तिवारी ने बताया कि कुछ वाट्सएप चैट भी फोन में मिले हैं। जिसमें शराब की मांग और डिलीवरी संबंधी बातें लिखी हैं। इसके अलावा जितेंद्र के कस्टमर की भी लिस्ट फोन में मिली है। जिसके आधार पर आबकारी व पुलिस दोनों आगे की जांच करेगी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *