भोपाल

भोपाल से चारधाम यात्रा पर गया 35 तीर्थयात्रियों का जत्था बद्रीनाथ में फंस गया। यहां बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात 3 बजे बद्रीनाथ हाईवे पर पहाड़ का मलबा गिर गया। हादसा पीपल कोठी के पास पागल नाला पर हुआ। इससे यहां रास्ता बंद हो गया था। मलबा गिरने से दोनों तरफ करीब 10 घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। इससे कई यात्री वहां परेशान होते रहे।

भोपाल से तीर्थ यात्रा पर गए श्रद्धालु दिनेश कुशवाह ने बताया कि हम लोग बद्रीनाथ से दर्शन कर हरिद्वार लौट रहे थे। तभी रास्ते में हाईवे बंद मिला। पता चला कि रात करीब 3 बजे भूस्खलन के कारण पहाड़ का मलबा अचानक भरभराकर हाईवे पर गिरने लगा। इससे रोड बंद हो गया। हम लोग करीब 10 घंटे तक यहां फंसे रहे। भोपाल के 35 यात्री यहां दर्शन करने आए थे।

यात्री सुरक्षित, रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे

बद्रीनाथ हाइ-वे पर पहाड़ गिरने की घटना में किसी को चोट नहीं आई है। शहर के सभी 35 यात्री सुरक्षित हैं। रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रत्यादर्शियों के अनुसार जब गाड़ी जा रही थी, तो अचानक पहाड़ से पत्‍थर गिरने की तेज आवाज आई। भरभराकर पहाड़ से मिट्टी गिरकर सड़क पर आ गई। उस समय डर लगा, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई।

हरिद्वार की यात्रा के बाद लौटेंगे यात्री

शहर के सभी 35  यात्री हरिद्वार की यात्रा के बाद भोपाल लौटेंगे। यात्रा पर गए 10 दिन हो चुके हैं। यात्रियों को अभी और समय लगेगा। रास्ता खुलने के बाद बद्रीनाथ हाइ-वे होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। हरिद्वार की सैर करने के बाद मिनी बस से भोपाल लौटेंगे। यात्रियों ने परिवार के सदस्यों को सुरक्षित होने की सूचना दे दी है।

 

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *