प्रशासन का इंतजाम और पुलिस की तगड़ी सुरक्षा में सोमवार रात और मंगलवार दोपहर को जिले में टैंकरों से पेट्रोल-डीजल पहुंच चुका है। प्रशासन ने जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक होने की जानकारी दी है। हालांकि मंगलवार को दूसरे दिन भी पंपों में सुबह से शाम तक पेट्रोल-डीजल के लिए वाहन चालकों की लाइन लगी रही। ड्राइवर यूनियन की हड़ताल दूसरे दिन जारी रही, जिसके चलते स्कूल व यात्री बसें नहीं चली। माल वाहक के पहिए थमने से बाजार में सामान नहीं पहुंचने से व्यापारियों को परेशान होना पड़ा।
हिट एंड रन कानून के विरोध में ड्राइवर यूनियन ने सोमवार से हड़ताल शुरू की जिसके चलते जिले में ईंधन की किल्लत हो गई थी। हालांकि सोमवार रात पुलिस की सुरक्षा में टैंकरों से ईंधन पहुंच चुका है। ड्राइवर यूनियन ने दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रखी। हड़ताल के कारण मंगलवार को भी स्कूल और यात्री बसें नहीं चली इधर महावीर चौक, गठुला सहित शहर के अन्य पेट्रोल पंपों में मंगलवार दोपहर तक पेट्रोल एवं डीजल नहीं था। पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप में चालकों की कतार लगी रही। दोपहर बाद सभी पंपों में ईंधन का स्टॉक आने से स्थिति सामान्य होने लगी।
बसें नहीं चलने के कारण ट्रेनों का लेना पड़ा सहारा मंगलवार को भी बसें नहीं चलने से यात्रियों ने ट्रेनों और निजी वाहनों का सहारा लिया। जिसके चलते डोंगरगढ़ एवं दुर्ग जाने वाली सभी ट्रेनों और खासकर लोकल ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अधिक रहा। पालकों ने बच्चों को स्कूल छोड़ा और वापस लेने भी पहुंचे। कई पेट्रोल पंपों में केवल 100 से 200 रुपए का पेट्रोल-डीजल देने की शिकायतें सामने आई तो कहीं ऑटो चालकों ने भी लूट मचाई। इधर सब्जी मंडी में सब्जियों की आवक पर थोड़ा असर पड़ा।
23 डीलर्स व 50 ट्रांसपोटर्स के जरिए की जा रही आपूर्ति जिले में 108 पेट्रोल पंप संचालित हैं। राजनांदगांव विकासखंड में 63, डोंगरगांव विकासखंड में 14, छुरिया विकासखंड में 13 एवं डोंगरगढ़ विकासखंड में 18 पेट्रोल पंप कार्यरत है।
प्रभारी कलेक्टर ने बताया कि जिले में 23 डीलर्स एवं 50 ट्रांसपोटर्स द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति की जा रही है। ड्राइवर की हड़ताल की वजह से ट्रांसपोटर्स के माध्यम से की जा रही पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति बंद हो गई है। रायपुर के डिपो से 13 गाड़ी नांदगांव के लिए रवाना हो चुकी हैं।
एसपी बोले- कानून तोड़ा तो कार्रवाई की जाएगी एसपी मोहित गर्ग ने ईंधन पहुंचाने वाले वाहनों को सुरक्षित पहुंचाने व्यवस्था बनाने निर्देश दिए हैं। हड़ताल के कारण चक्काजाम, हिंसा एवं वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होने जैसी स्थिति में कार्रवाई करने निर्देश दिए है। अफवाह से बचना चाहिए। पेट्रोल, डीजल, गैस, एंबुलेंस इमरजेंसी सेवा बाधित नहीं करने वैकल्पिक व्यवस्था करने निर्देश दिए। हिट एंड रन केस के संबंध में आवश्यक जानकारी होनी चाहिए। उससे संबंधित अफवाह, भ्रांति से अवगत कराने कहा है।








