राजनांदगांव शहर की कई राशन दुकानों में गड़बड़ी सामने आ रही है। खाद्य विभाग ने इसकी जांच शुरू की है, लेकिन गड़बड़ी करने वालों को भरपाई का मौका भी दिया जा रहा है। इसके चलते भविष्य में ऐसी गड़बड़ी की पूरी आशंका बनी हुई है। दरअसल शहर की कई राशन दुकानों में स्टॉक की गड़बड़ी का मामला सामने आ चुका है। लगातार ऐसी शिकायत के बाद जांच भी की जा रही है। बीते दिनों तीन दुकानों को बर्खास्त भी किया गया। इसके बाद शहर की अन्य दुकानों की जांच की जा रही है। इसमें शार्टेज का मामला लगातार सामने आ रहा है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि जिन दुकानों में शार्टेज की स्थिति बन रही है, उन्हें अगले स्टॉक में भरपाई करने का समय दिया जा रहा है। वहीं अगले आवंटन में भी कटौती करके मामले को खत्म किया जा रहा है। लेकिन इस तरह की गड़बड़ी कैसे हुई है, इसकी जांच को लेकर खाद्य विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। प्रदेश में सरकार बदलने के बाद पीडीएस दुकानों की जांच में तेजी आ गई है।
Home »






