Home » राजनांदगांव : नहीं मिला तीन माह का वेतन, सफाई कर्मियों ने निगम का किया घेराव

राजनांदगांव : नहीं मिला तीन माह का वेतन, सफाई कर्मियों ने निगम का किया घेराव

02/02/2024

राजनांदगांव वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित सफाई कर्मियों ने गुरुवार को काम बंद कर नगर निगम का घेराव कर दिया। कर्मचारियों ने निगम प्रशासन पर पिछले तीन माह से वेतन नहीं देने का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। कर्मियों के घेराव से निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया था। सफाई कर्मियों ने कहा कि निगम प्रशासन हर बार वेतन के मामले में लेटलतीफी करता है। जिससे सफाई कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

निगम का घेराव करने पहुंचे निगम के नियमित और ठेका सफाई कर्मियों ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा पिछले तीन माह से उन्हे वेतन का भुगतान नहीं किया है।

वेतन नहीं मिलने से कर्मियों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। कर्मियों ने कहा कि निगम के पदाधिकारियों व अधिकारियों के पास गुहार लगाने के बाद भी समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाता।

स्कूल फीस जमा नहीं, दुकानदार नहीं दे रहे उधार में राशन

वेतन की मांग को लेकर निगम पहुंचे कर्मियों ने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने से वे लोग अपने बच्चों का स्कूल फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। वहीं पुराने उधार की रकम जमा नहीं होने पर दुकानदार अब राशन भी उधार नहीं दे रहे हैं। ऐसे में कर्मियों को अपने परिवार का पालन पोषण करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मियों ने जल्द ही वेतन नहीं देने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मियों के काम बंद रखने से शहर में सफाई नहीं हुई और कई जगहों पर गंदगी पसरी रही।

Leave a comment