राजनांदगांव केंद्रीय विद्यालय राजनांदगांव में वार्षिक खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी थे। विशेष अतिथि नगर निगम के उपायुक्त मोबिन अली रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय विद्यालय राजनांदगांव के प्राचार्य मनोज कुमार ने की। वार्षिक खेल दिवस की विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर शिवाजी सदन को विजेता घोषित किया गया। अशोक सदन उपविजेता रहा। दोनों सदनों को ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी प्रदान की गई। फिरोज अंसारी ने विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व के विकास के लिए खेलों को अपनी दिनचर्या का आवश्यक अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के खिलाड़ियों में भी अपार संभावनाएं हैं। वे खेलों के क्षेत्र में उपलब्धियां प्राप्त करने और अपने शहर का नाम रोशन करने में समर्थ हैं। विशिष्ट अतिथि मोबिन अली ने आधुनिक पाठ्यक्रम में खेलों के भी एक महत्वपूर्ण विषय के रूप में शामिल होने का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें अपनी पसंद का एक आउटडोर गेम अवश्य खेलना चाहिए। जिससे उनका सर्वांगीण विकास होगा। प्राचार्य मनोज कुमार ने केंद्रीय विद्यालय राजनांदगांव के पीएमश्री विद्यालय के रूप में चयनित होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय खेलकूद के क्षेत्र में भी अपने खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधा और प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है। विद्यालय के शिवाजी, टैगोर, अशोक और रमन सदन के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट करते हुए अतिथियों को सलामी दी। विद्यालय की राष्ट्रीय खिलाड़ी रेशमा ठाकुर ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। विभिन्न खेलों का आयोजन किया: खेल समारोह में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए नींबू चम्मच दौड़, रिले रेस, 30 मीटर दौड़, मेंढक दौड़, हॉप एंड जंप रेस व चार गुणा 100 मीटर रिले रेस का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने हिस्सा लिया।
Home »








