Home » राजनांदगांव : बच्चों को अपना हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा

राजनांदगांव : बच्चों को अपना हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा

05/01/2024

मुस्लिम समाज का दो दिवसीय जिला स्तरीय सम्मेलन शहर के मठपारा पावर हाउस रोड ईदगाह मैदान में 6 जनवरी से शुरू होगा। यह सम्मेलन शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार उन्मुखी होगा। गुरुवार को प्रेसवार्ता में मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में समाज के वंचित पिछड़े गरीबों को समाज की मुख्यधारा में लाने और समाज के विकास की दिशा में अग्रसर करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम कराया जा रहा है। समाज के प्रमुख रईस अहमद शकील ने कहा कि किसी भी समाज के विकास में शिक्षा की बड़ी भूमिका होती है। जिसके चलते दीनी तालीम, बिजनेस, शिक्षा, सेहत और खेलकूद, समाज सभी को लेकर यह आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक जगह स्टॉल के माध्यम से समाज के लोगों तक पहुंचाई जाएगी। बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार, योजनाओं, लघु उद्योगों से संबंधित जानकारी दी जाएगी। नया व्यापार चालू करने, खेल, जिम, कराते, अखाड़ा, नशा मुक्ति अभियान किताबों के अध्ययन की जानकारी दी जाएगी। अहमद शकील ने कहा कि शिक्षा सम्मेलन के मुख्य उद्देश्यों में सबसे प्रमुख एजुकेशन मेला से बच्चों को अपना हुनर दिखाने का अवसर प्रदान करना और बच्चों में प्रतियोगिता की भावना को बढ़ावा देना, ऐसे बच्चों को चिन्हित करना जो विभिन्न क्षेत्रों में हुनरमंद हो कॅरियर काउंसिलिंग के जरिए कॅरियर बनाने की जानकारी दी जाएगी। समाज सुधार की दिशा में कदम बढ़ाते नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी देकर नशा मुक्ति की समझाइश देंगे। इसके अलावा अन्य जानकारी भी देंगे। पत्रकार वार्ता में सैयद अफजल अली, आदिल रिजवी, हाजी तनवीर, राशिद भाई, आफताब अहमद भी मौजूद थे।

Leave a comment