राजनांदगांव , जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब दुर्घटना के बाद शुरुआती महत्वपूर्ण समय, जिसे गोल्डन ऑवर कहा जाता है, में घायलों को बिना किसी देरी के तत्काल और कैशलेस इलाज मिलने लगा है।
पीएम राहत योजना के तहत घायलों को 1.50 लाख रुपए तक के निशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। जिले में अब तक 12 घायलों को योजना का लाभ मिल चुका है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में जिले में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू हो गया है।
अब तक जिले के 12 सड़क दुर्घटना पीड़ितों का पंजीयन कर उन्हें उपचार मुहैया कराया गया है। इनमें से 10 मरीजों का इलाज अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में और 2 मरीजों का इलाज संजीवनी नर्सिंग होम चिखली में किया गया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने वालों में मिनेश कुमार कोशरे, शत्रुहन पटेल, राजेश कुमार साहू, चोवा राम यादव, भूपेन्द्र कुमार साहू, शिवा पारधी, जितेन्द्र कुमार ठाकुर, डोमन दास साहू, त्रिलोक गिरी गोस्वामी और पंचराम यादव को योजना का लाभ मिला है। वहीं संजीवनी नर्सिंग होम में सुनीता यादव और रंजिता पडौती का सफल उपचार किया गया।






