राजनांदगांव , छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीनियर वर्ग प्लेट ग्रुप के अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मैच खेला गया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन सरगुजा को पांच विकट से परास्त कर एलीट ग्रुप में खेलने की पात्रता प्राप्त कर ली है । 20-20 ओवरों के खेले जा रहे प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मैच रायपुर के स्टेडियम में जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन सरगुजा के मध्य खेला गया।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सरगुजा की पूरी टीम मात्र 91 रनों पर ही आउट हो गई। जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव के विकल्प तिवारी ने निर्धारित चार ओवरों में मात्र 13 रन देकर 6 विकेट प्राप्त किया। बाद में खेलने उतरी राजनांदगांव की टीम ने निर्धारित 92 रनों का स्कोर 10 ओवरों में ही मात्र पांच विकेटों को खोकर ही प्राप्त कर लिया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव की टीम एलिट टीमों के साथ ग्रुप ए में अपना विजय अभियान 1 मई से प्रारंभ करेगी। प्लेट ग्रुप में सेमीफाइनल के पूर्व जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव ने नारायणपुर एवं धमतरी जिले की टीमों को आसानी से परास्त कर सेमीफाइनल में प्रवेश पाया था। टीम के कप्तान दीपक यादव, सलामी बल्लेबाज बालाजी राव, रोहन टांक, विकल्प तिवारी नितेश साहू ने अब तक तीनों ही मैचों में शानदार प्रदर्शन कर राजनांदगांव को उल्लेखित सफलता दिलाई है। टीम के कोच गोपाल राव हैं। उक्त जानकारी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने दी है।





