Home » राजनांदगांव : हॉकी प्रीमियर लीग – रायपुर-दीवानपारा फाइनल में, आज होगी खिताबी भिड़ंत

राजनांदगांव : हॉकी प्रीमियर लीग – रायपुर-दीवानपारा फाइनल में, आज होगी खिताबी भिड़ंत

23/12/2023

राजनांदगांव हॉकी प्रीमियर लीग प्रतियोगिता के फाइनल में रायपुर और दीवानपारा की टीम ने जगह बना ली है। शनिवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। शुक्रवार को स्पर्धा में तीन मुकाबले खेले गए। इन रोमांचक मैच में बालिका वर्ग से बसंतपुर ने जीत दर्ज की। वहीं सेमी फाइनल मुकाबलों में बालक वर्ग की रायपुर और दीवान पारा टीम ने जीत हासिल की। खिताबी भिड़ंत शनिवार दोपहर 12 बजे से इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में शुरू होगी। बालिका वर्ग में जमात पारा – बसंतपुर और बालक वर्ग में रायपुर बनाम दीवान पारा (राजनांदगांव) के बीच ये मुकाबले खेले जाएंगे। कड़ी टक्‍कर के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए इन टीमों ने यहां तक का सफर तय किया है। शुक्रवार को पहला मैच बालिका वर्ग में राजीव नगर विरुद्ध बसंतपुर खेला गया। इस मैच में बसंतपुर ने 4 गोल दागे, जबकि राजीव नगर टीम ने 3 गोल ही दागे और एक गोल के साथ उन्‍हें शिकस्त मिली। बालक वर्ग में रायपुर ने दुर्ग को एकतरफा मैच में हराया। रायपुर ने इस मुकाबले में 16 गोल किए जबकि दुर्ग की टीम महज एक गोल कर सकी। आखिरी मुकाबला चिखली बनाम दीवान पारा के बीच खेला गया। यहां मुकाबला दीवान पारा ने 4-1 से जीता।

Leave a comment