इंदौर। इंदौर पुलिस द्वारा ड्रग माफियाओं पर नकेल कसने के बाद दूसरे राज्यों में पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। इंदौर से मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त में लिप्त दो तस्करों को गुजरात आतंक विरोधी दस्ता (एटीएस) ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों से 16 लाख रुपयों कीमती एमडीएम जब्त हुई है। इसके पूर्व इंदौर से गई पांच करोड़ रुपये कीमती एमडीएम जब्त की गई थी।
जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों का नाम मोहम्मद हनिफ शेख और मोहम्मद रिजवान है और दोनों ही इंदौर के रहने वाले हैं। एटीएस और एसओजी ड्रग सप्लाई की सूचना पर वडोदरा में जाल बिछाए हुए थे। सूचना मिली कि तस्कर एसटी डीपो रोड़ पर छोटालाल भवन के समीप एमडीएमए की खेप लेकर आ रहे हैं। एटीएस और एसओजी के सिपाही सादी वर्दी में तैनात हुए और दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने आमिर नामक सप्लायर का नाम कबूला है। एटीएस इंदौर पुलिस की मदद से आमिर की तलाश कर रही है।
अजमेर दरगाह से जुड़े ड्रग तस्करों के तारएटीएस ने 21 जनवरी को भी मुंबई के मोहम्मद सुल्तान शेख को एमडीएमए केस में गिरफ्तार किया था। आरोपितों से पांच करोड़ रुपये कीमत की ड्रग बरामद हुई थी। उस वक्त सुल्तान ने पूछताछ में बताया था कि ड्रग इंदौर के तस्कर से खरीदी गई है। अजमेर दरगाह के खादिम वसीम के माध्यम से यह ड्रग दूसरे राज्यों में सप्लाई होती है। इंदौर क्राइम ब्रांच एएसपी गुरुप्रसाद पाराशर के मुताबिक दरगाह पर करीब 50 जायरिन, खादिम एमडीएमए, गांजा, चरस सप्लाई करते हैं। देश विदेश से आने वाले यात्री भारी मात्रा में मादक पदार्थों की मांग करते हैं।
