मोहला : जनदर्शन में विभिन्न मांगों एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे ग्रामीण

– कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


        मोहला । कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।  
        जनदर्शन में विकासखंड चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरसुर के समस्त ग्रामवासियों ने मुर्गी शेड निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों को रोजगार एवं सुविधा मिलेगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्य जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम हाड़ीटोला निवासी रतनलाल ने अपने मकान के ऊपर से गुजर रहे बिजली पोल एवं तार हटाने के संबंध में आग्रह किया। उन्होंने बताया कि बिजली लाइन के कारण मकान निर्माण में परेशानी हो रही है। जिस पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग को आवश्यक जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।


       मोहला निवासी राजेश कुमार नेताम ने अपनी पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र बनाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम पंचायत कुसुमकसा के ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान करने हेतु आवेदन दिया। इसी प्रकार जिले के जनसामान्य ने अपनी समस्याओं एवं मांगों के संबंध में कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन दिया। कलेक्टर प्रजापति ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *