O दोनों ही खिलाड़ी शहर के योगाचार्य किशोर माहेश्वरी से कर रहे हैं प्रशिक्षण प्राप्त.

राजनांदगाँव। शहर की प्रतिभावान महिला योग खिलाड़ी दीक्षा ताम्रकार और राजनांदगाँव जिले के ही पुरुष योग खिलाड़ी विक्रम वर्मा का चयन महात्मा गांधी स्टेडियम, तुमकुर कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रीय योगासन खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी उक्त राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों ही खिलाड़ी शहर के योगाचार्य किशोर माहेश्वरी के कुशल मार्गदर्शन में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर की उक्त योगासन खेल प्रतियोगिता में 32 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 1500 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। दीक्षा और विक्रम ने गत 22 से 25 नवंबर को रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता में क्रमशः रजत पदक और कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय योगासन खेल प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया था। उनकी इस उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ योगासन के प्रमुख पदाधिकारी डोमेंद्र देवांगन, राजनांदगाँव योगासन खेल जगत के गणमान्य नागरिकों, मित्रों एवं परिजनों ने शुभकामनाएं प्रेषित की है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *