नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सुरक्षा का दिया संदेश
राजनांदगांव | रेल सुरक्षा बल रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा के साथ रेल यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है। इसी क्रम में महिला यात्रियों को सुखद, सुरक्षित और निडर होकर यात्रा करने वातावरण तैयार किया जा रहा है। दीप चंद्र आर्य मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ नागपुर मंडल ने बताया कि रेल सुरक्षा बल महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने अभियान चला कर कार्रवाई भी कर रहा है। अकेले यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को मेरी सहेली, अक्षिता अभियान की सुविधा प्रदान की जा रही है।
ऐसी शिकायतें सामने आई है कि महिला यात्रियों को यात्रा करते समय जानकारी के अभाव में सुरक्षा संबधित दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रेल सुरक्षा बल यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को सुरक्षा संबधित दिक्कतों से बचने की जानकारी देने नागपुर मंडल द्वारा महिला सुरक्षा अभियान के तहत सभी प्रमुख स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जा रहा है। नाटक के माध्यम से महिला यात्रियों के साथ रेल में होने वाले अपराध, असुविधा पर निदान, शिकायत करने का तरिका, सूचना किसे देनी है इसकी जानकारी दी जा रही है। महिला सुरक्षा से संबंधित पांपलेट बांट कर स्टीकर चस्पा किया जा रहा है।
