– शिविर में कृषि समसामयिक विषय पर किसानों को किया गया जागरूक

राजनांदगांव। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की सहभागिता से विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ पूर्व राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के मार्गदर्शन में आज विकसित कृषि संकल्प अभियान अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों में किसानों को जागरूक करने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम गठुला एवं भेड़ीकला में शिविर का आयोजन किया गया। इसी तरह छुरिया विकासखंड के ग्राम जोब, पंडरापानी तथा डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम खैरा एवं सहसपुर में विकसित कृषि संकल्प अभियान अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया।

विकसित कृषि संकल्प अभियान शिविर में किसानों को बीज उपचार, जैविक उत्पाद निर्माण की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं विभिन्न प्रकार के प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण किया गया। शिविर में कृषि जागरूकता के संबंध में प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण करते हुए कृषि की समसामयिक विषय पर चर्चा कर किसानों की समस्याओं का निराकरण किया गया। किसानों को 17 प्रतिशत नमक घोल से धान बीज उपचार जैविक उत्पाद निर्माण एवं कृषि तकनीक की जानकारी दी गई। रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर अन्य जैविक उर्वरकों तथा सूक्ष्म तत्वों के उपयोग को बढ़ावा देने के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया।

जैविक खाद से मृदा उर्वरता बढ़ती और बनी रहती है। इससे किसानों की आर्थिक एवं सामाजिक दशा में सुधार आता है। फसलों की उत्पादकता बढ़ती है। पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सकता है। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जिला पंचायत सदस्य हीरम बाई मंडावी, जनपद सदस्य सुनीता दुग्गा, राधिका सहित कृषि विभाग, केवीके, उद्यानिकी विभाग, पशुधन विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में किसान तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *