राजनांदगांव , खड़गांव थाना क्षेत्र के बीटेझर में तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप में 15 लोग सवार थे, जिसमें दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। वहीं 6 को गंभीर चोट की वजह से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। शेष लोगों को भी चोटे आई हैं। जिनका इलाज जारी है।
घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे के करीब हुई। खड़गांव पुलिस ने बताया कि ग्राम परसघाट के रहने वाले मुस्लिम परिवार के सदस्य राजनांदगांव के पार्रीनाला दरगाह में आयोजित उर्स कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। पूरी रात उर्स में मौजूद रहने के बाद सुबह 5 बजे वापस परसघाट गांव जाने निकले। सुबह 9 बजे के करीब चालक मीनू राम रावटे को झपकी आई और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पलट गई।
हादसे में परसघाट निवासी हाजरा बेगम (60) और रिहाना बेगम (40) की मौके पर ही मौत हो गई।सड़क के नीचे हिस्से में पलटते हुए पिकअप वाहन पुलिया से टकराई। हादसा इतना भीषण था कि मालवाहक के सामने के दोनों पहिए टूटकर अलग हो गए। वहीं वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इन्हें पहुंचाया अस्पताल हादसे में समा खान (15), शौकिन खान, जाकिर खान (60), तानिया (12), अलीशा बानो (12) और शेख असलम (75) को गंभीर चोटे आई है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया है। वहीं साहिबा बेगम (40), कौशर बेगम (60), रशीदा बेगम (40), मुमताज बेगम (60) और फरीद खान (19) का इलाज मोहला में जारी है। वाहन चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस व स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को हास्पिटल पहुंचाया।








