Home » राजनांदगांव : नए जिले में रिकॉर्ड तोड़ 4 अरब 71 करोड़ 21 लाख की हुई धान खरीदी, उठाव धीमा

राजनांदगांव : नए जिले में रिकॉर्ड तोड़ 4 अरब 71 करोड़ 21 लाख की हुई धान खरीदी, उठाव धीमा

08/02/2024

नवगठित जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में इस वर्ष 4 अरब 71 करोड़ 21 लाख 1952 रुपए की धान खरीदी की गई है। 27 केन्द्रों में 21 लाख 44 हजार 816 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। अंबागढ़ चौकी विकासखंड में सबसे अधिक धान की खरीदी की गई है। जिले के 40 हजार 293 किसान ने अपनी उपज बेची।

सहकारी समितियों के माध्यम से नए जिले में 1 नवंबर से 4 फरवरी जनवरी तक धान की खरीदी की गई। 27 सोसायटियों के माध्यम से धान की खरीदी हुई है। सबसे अधिक धान की खरीदी अंबागढ़ चौकी ब्लाक के आमाटोला, रेंगाकठेरा, चिल्हाटी, विचारपुर, ढाढुटोला, छछानपाहरी, परसाटोला, आतरगांव, कौड़ीकसा, आडेझार एवं अंबागढ़ चौकी में हुई है। यहां पर 1 अरब 93 करोड़ 26 लाख 70 हजार 602 रुपए की धान खरीदी की गई है। अंबागढ़ चौकी में किसानों से 8 लाख 80 हजार 430 क्विंटल धान की खरीदी हुई। खरीदी के मामले में जिले में मोहला ब्लाक दूसरे नंबर पर रहा। मोहला ब्लॉक में एकटकन्हार, भोजटोला, रेंगाकठेरा, सोमाटोला, पुतरगोंदीकला, गोटाटोला, मोहभटठा, मटेवा एवं मोहला में एक अरब 51 करोड़ 45 लाख 10 हजार 22 रुपए का धान खरीदी हुई। मोहला में6 लाख 89 हजार 327 क्विंटल धान खरीदा गया है।

जानिए, कहां कितनी आवक हुई तीन महीनों में जिले के 40 हजार 293 किसानों ने अपनी उपज बेची। अंबागढ़ चौकी ब्लाक में सबसे अधिक 16 हजार 311 किसानों ने, मोहला ब्लाक में 13 हजार 89 किसानों ने व मानपुर ब्लाक में 10 हजार 633 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा। मानपुर ब्लाक के मानपुर, भर्रीटोला, खरदी, मुरारगोटा, सीतागांव, औंधी, सरखेड़ा में 1 अरब, 26 करोड़ 49 लाख, 21 हजार, 327 रुपए की धान खरीदी की गई। मानपुर में किसानों से 5 लाख 75 हजार क्विंटल धान खरीदा गया।

अंबागढ़ चौकी ब्लाक में 771 किसान धान बेच नहीं पाए अंबागढ़ चौकी ब्लाक में सबसे अधिक 17161 किसान पंजीकृत थे। लेकिन 771 किसान अपनी उपज नहीं बेच पाए। धान खरीदी का समय बढ़ाए जाने के बाद भी यहां के कुछ किसान समय सीमा को और अधिक बढाए जाने या फिर 15 फरवरी तक धान खरीदी किए जाने की मांग कर रहे थे। लेकिन शासन ने दोबारा समय नहीं बढ़ाया जिसके कारण ब्लाक के 771 किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हो गए।

जिला सहकारी बैंक प्रबंधक संतोष शर्मा ने कहा कि छग शासन के निर्देशानुसार सभी सोसायटियों में गाइड लाइन के अनुसार धान की खरीदी की गई है। धान के परिवहन को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई है।

Leave a comment