राजनांदगांव | नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बुधवार सुबह आकस्मिक निरीक्षण करते हुए लखोली, कंचनबाग और जनता कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति व साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वार्डवासियों से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कंचनबाग क्षेत्र में आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टंकी पूरी तरह भरने के बाद ही पानी सप्लाई शुरू की जाए। साथ ही वाल्व खोलने के बाद वॉल्वमैन खुद सप्लाई क्षेत्र में घूमकर पाइपलाइन की जांच करें, ताकि गंदे पानी, कम प्रेशर या लीकेज जैसी समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके। प्रभावित इलाकों में नियमित टैंकर से पानी पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी कर्मचारी समय पर उपस्थित होकर निर्धारित समय तक कार्य करें। घनी बस्तियों में रोजाना गलियों और नालियों की सफाई तथा कचरा उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया। सार्वजनिक शौचालयों और तालाबों के आसपास भी स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जनता कॉलोनी में सड़क और नाली पर बिल्डिंग मटेरियल पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। आयुक्त ने चेतावनी दी कि अतिक्रमण, गंदगी फैलाने या मलबा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




