राजनांदगांव बिजली कंपनी बकाया वसूली के लिए अभियान चला रही है। वहीं लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वालों के कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम ने शहरी क्षेत्र में वसूली के लिए अभियान चलाया। टीम ने 234 बकायादारों से 24 लाख 15 हजार रुपए के बकाया बिल की वसूली की। वहीं कंपनी अफसरों ने 299 बिजली कनेक्शन भी काटे हैं। ईई आरके गोस्वामी ने बताया कि घरेलू व गैर घरेलू कनेक्शनों के बकायेदारों के साथ ही औद्योगिक श्रेणी के बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटने व बकाया वसूली की कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह के 299 उपभोक्ता जिनकी बकाया राशि 28 लाख 73 रुपए थी, उन्होंने समय पर बिल का भुगतान नहीं किया। इसके चलते कनेक्शन काटा गया है। विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कंपनी अफसरों ने सभी उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल का भुगतान करने की अपील की है।
