राजनांदगांव जिला पंचायत सभाकक्ष में गुरुवार को साधारण सभा की बैठक में कृषक चौपाल में किए गए मनमाने खर्च का मुद्दा उठा। जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के पूर्व चेयरमैन नवाज खान एवं सीईओ सुधीर सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। गुरुवार को जिला पंचायत में साधारण सभा की बैठक में फिर एक बार कृषक चौपाल में शासन के लिखित आदेश के बिना मौखिक आदेश पर खर्च की करोड़ों रुपए की राशि का मुद्दा उठाया गया। उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं बैंक के सीईओ को कृषक चौपाल में खर्च की गई राशि का हिसाब देने रिमाइंडर भेजने की तैयारी में है।जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ के निर्देश पर शाखा प्रबंधकों एवं पर्यवेक्षकों ने सोसाइटी प्रबंधकों से इसका हिसाब मांगा है। लेकिन सोसाइटी प्रबंधकों ने हिसाब देने से इंकार कर दिया है। जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ईश्वर श्रीवास ने कहा शाखा प्रबंधकों के मौखिक आदेश और दबाव में सोसाइटी फंड से कृषक चौपाल कराया गया शाखा प्रबंधक नोडल अधिकारी बने इसकी मॉनिटरिंग की और उन्होंने खुद बिल पास किया।अब शाखा प्रबंधकों द्वारा सोसाइटियों से खर्च का हिसाब मांगना न्याय संगत नहीं है। उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं शिल्पा अग्रवाल ने कहा 4 जनवरी तक कहीं से जानकारी नहीं पहुंची है। हम बैंक सीईओ को नियम अनुसार रिमाइंडर भेजेंगे जिससे जिला पंचायत के सदस्यों की मांग अनुसार जानकारी जिला पंचायत में पहुंचे। श्यामकर ने कहा कांग्रेस सरकार में बैंक शाखा प्रबंधकों के मौखिक आदेश पर सोसाइटी फंड से कृषक चौपाल कर घोटाला किया गया है। उन्होंने इसके लिए बैंक के पूर्व चेयरमैन एवं सीईओ को जिम्मेदार ठहराया है। कृषक चौपाल के नाम पर हर सोसाइटी से 3 से 4 लाख रुपए बिना आदेश खर्च किया गया। तब चेयरमैन और सीईओ ने मामले को संज्ञान में नहीं लिया।
