माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मार्च 2024 में होने वाली बोर्ड परीक्षा का टाइम टेबल जारी किया है। इस बार राजनांदगांव, केसीजी एवं एमएमसी जिले के 167 केन्द्रों में बोर्ड की परीक्षा आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। कक्षा दसवीं बोर्ड में 22086 विद्यार्थी वहीं कक्षा बारहवीं में 17090 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। राजनांदगांव जिले कुल 87 केन्द्र बनेंगे। घुमका के पास ग्राम मुरमुंदा में नया सेंटर बनाने प्रस्ताव भेजा गया है। शिक्षा विभाग बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुट गया है।
शिक्षा विभाग से परीक्षा प्रभारी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बोर्ड की परीक्षा में नकल रोकने के लिए उड़नदस्ता दल का गठन किया जाएगा। इसमें शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अफसरों की ड्यूटी लगेगी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी समय सारणी अनुसार 2 मार्च को हिन्दी विषय के साथ कक्षा दसवी बोर्ड की परीक्षा शुरू होगी। वहीं 15 मार्च को दसवीं की परीक्षा समाप्त हो जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 9 से 12.15 बजे तक रहेगा। 1 मार्च से हिन्दी विषय के साथ कक्षा 12वीं बोर्ड की परीक्षा शुरू होगी। यह परीक्षा 23 मार्च को समाप्त होगी। इस बोर्ड परीक्षा का समय भी सुबह 9 से 9.15 बजे तक रखा गया है।
आगामी दिनों में गोपनीय सामग्री का वितरण होगा आगामी दिनों में संकुलों के माध्यम से गोपनीय सामग्री का वितरण किया जाएगा। बोर्ड द्वारा जिले में उत्तर पुस्तिका एवं प्रश्न पत्र भेजे जाएंगे। राजनांदगांव जिले से केसीजी एवं एमएमसी जिले में दूर दराज के परीक्षा केन्द्रों में गोपनीय सामग्री पुलिस की सुरक्षा में पहले रवाना की जाएगी। इसके बाद आखरी में राजनांदगांव जिले के परीक्षा केन्द्रों में गोपनीय सामग्री रवाना होगी जिसे परीक्षा केन्द्र के संबधित थानों में सुरक्षित रखा जाएगा। बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए परीक्षा केन्द्रों में तगड़ा इंतजाम होगा इसकी वीडियोग्राफी भी होगी।








