Home » राजनांदगांव : मोहित’ करने वाले रिकॉर्ड – हत्या के 21 में से 11 मामले पें​डिंग पर अपराध घटे

राजनांदगांव : मोहित’ करने वाले रिकॉर्ड – हत्या के 21 में से 11 मामले पें​डिंग पर अपराध घटे

03/01/2024

जिले में अपराध के ग्राफ में बड़ी गिरावट आई है। साल 2022 की तुलना में 2023 में आपराधिक प्रकरण कम दर्ज हुए हैं। हालांकि हत्या के 11 मामले को सुलझाने में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है। इधर सड़क हादसों को लेकर भी अच्छी खबर है। साल 2023 में सड़क हादसों में 19 फीसदी की कमी आई है।

मंगलवार को जिला पुलिस ने सालभर के आपराधिक रिकार्ड व सफलता का आंकड़ा पेश किया। साल 2023 इस लिहाज से बेहतर साबित हुआ है। एसपी मोहित गर्ग ने सालभर का आंकड़ा रखा। इस दौरान उन्होंने आगे भी आपराधिक घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए बेहतर कार्य की बात कही है। बता दें कि साल 2022 में अलग-अलग तरह के 5195 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि 2023 में यह आंकड़ा 4262 रहा है।

इसी तरह सालभर में हत्या के 21 प्रकरण सामने आए, इसमें पुलिस ने 10 मामलों में 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 11 प्रकरणों की जांच अब भी जारी है। जिसमें अब तक पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इन मामलों को भी सुलझा लिया जाएगा। वहीं अलग-अलग थाना क्षेत्र में सालभर में 11 लाख 58 हजार रुपए से अधिक का जुआ भी पकड़ा है। राजनांदगांव. एसपी मोहित गर्ग ने सालभर के मामलों की दी जानकारी।

1982 शराब तस्कर व कोचिए गिरफ्तार: पुलिस ने सालभर में शराब तस्करी और अवैध बिक्री पर भी बेहतर कार्रवाई की है। साल 2023 में पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार से जुड़े 1982 तस्कर व कोचियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 40 दुपहिया और 14 चार पहिया वाहन जब्त किया है। बड़ी मात्रा में शराब भी जब्त हुई है। वहीं इस साल पहली बार पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले आरोपियों को भी पकड़ा है।

चोरी के 96 मामलों में अब भी पुलिस के हाथ हैं खाली बीते साल चोरी के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं इन मामलों को सुलझाने में पुलिस भी कमजोर ही साबित हुई है। जारी आंकड़ों के मुताबिक राजनांदगांव जिले में 2023 चोरी में चोरी के 218 प्रकरण दर्ज हुए हैं। इसमें 122 को पुलिस ने सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 96 मामले ऐसे हैं, जिसमें पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। वहीं चोरी के मामलों में 24 फीसदी, नकबजनी के मामलों में 45 फीसदी और लूट के 30 फीसदी माल पुलिस ने बरामद करने में सफलता पाई है।

Leave a comment