राजनांदगांव , विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव परिसर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 10 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इसके साथ ही जिले को 3 और नई एम्बुलेंस की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
इस प्रकार कुल 13 अत्याधुनिक एम्बुलेंस जिले में सेवाएं देने के लिए उपलब्ध हो गई हैं, जिन्हें जीवीके ईएमआरआई संस्थान द्वारा संचालित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि जिले को नई संजीवनी एक्सप्रेस मिलने से स्वास्थ्य सुविधाओं को नई गति और ऊर्जा मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज नक्सल समस्या से बाहर निकलकर स्थायी शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
जिले को मिली 10 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस में 8 बेसिक लाइफ सपोर्ट और 2 एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस शामिल हैं, साथ ही 3 नई एम्बुलेंस की स्वीकृति प्राप्त हुई हैं। जिला अस्पताल के लिए 4, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 5 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 1 एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। नई एम्बुलेंस में लोकेशन बेस्ड सर्विस और मोबाइल डेटा टर्मिनल प्रणाली जोड़ी गई है, जिससे लाइव लोकेशन मिलता रहेगा।
आवश्यक जीवन रक्षक उपकरण भी मौजूद हैं एएलएस एम्बुलेंस में बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ग्लूकोमीटर, नेबुलाइजर, ऑक्सीजन और सभी आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण मौजूद हैं। एक्सप्रेस सेवा का रिस्पॉन्स टाइम शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट तय किया गया है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं, आपात प्रसूति, सीजेरियन और अन्य स्थितियों में त्वरित सहायता मिल सकेगी। 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा ने अब तक जिले में 1 लाख 26 हजार 990 लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया है।

