राजनांदगांव . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर योजना को प्रोत्साहन देने शहर के एक होटल में गुरुवार को चेंबर ऑफ कॉमर्स और टाटा पावर कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर शहर के सैकड़ों व्यापारी, उद्योगपति और कारोबारी वर्ग के लोग उपस्थित रहे।
चेंबर के पदाधिकारियों ने बताया कि चूंकि व्यावसायियों को नियमित दिनों में अवकाश नहीं मिलता, इसलिए विशेष रूप से अवकाश दिवस पर इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कंपनी के विशेषज्ञों ने विस्तार से बताया कि सोलर पैनल लगाने से न केवल बिजली बिल में भारी कमी आती है, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर घर बैठे आमदनी भी हो सकती है।
कार्यशाला में सौर ऊर्जा उत्पादन, लागत, बचत और सरकारी सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा कम दरों और आसान किश्तों में सोलर प्लांट लगाने की सुविधा दी जा रही है, जिससे आम नागरिक और व्यापारी बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें। बिजली कटौती और बढ़ते खर्च से परेशान व्यापारी वर्ग ने इस पहल का स्वागत किया और योजना का लाभ लेने की सहमति जताई।
कार्यक्रम में खूबचंद पारख, भीमन धनवानी, ज्ञानचंद बाफना, शिव अग्रवाल, अरुण डुलानी, राजकुमार बाफना, हर्ष चितलांग्या, रितेश लाल, नेमीचंद बैद, दीपक लहरवानी, महेंद्र सुराना, नयन कोठारी, गुलाब बैद सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में उठे सवालों और सुझावों से यह साफ संकेत मिला कि शहर के व्यापारी अब सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
