Home » राजनांदगांव : सिजेरियन डिलीवरी की जल्द मिलेगी सुविधा

राजनांदगांव : सिजेरियन डिलीवरी की जल्द मिलेगी सुविधा

24/01/2024

डोंगरगढ़ अछोली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नई बिल्डिंग में स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी होने जा रही है। यहां पर अब लोग ब्लड डोनेट कर सकेंगे। इसके लिए ब्लड स्टोरेज मशीन लगेगी। एफआरयू के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी भी हो सकेगी। अब तक ब्लड डोनेट करने से लेकर सिजेरियन के लिए राजनांदगांव रेफर करना पड़ता था।

बीएमओ डॉ. बीपी इक्का ने बताया कि दोनों ही सुविधा आने वाले सप्ताह में हॉस्पिटल की नई बिल्डिंग में शुरू हो जाएगी। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली है।

बता दें कि पूर्व में हॉस्पिटल की पुरानी बिल्डिंग में ब्लड बैंक की शुरुआत की गई थी। लेकिन स्टोरेज की सुविधा नहीं होने से यह योजना कुछ ही समय बाद बंद हो गई। अब दोबारा नई बिल्डिंग में इसे नियमित रखने की तैयारी है। इसके अलावा यहां पर अब तक केवल सामान्य डिलेवरी ही की जाती रही है। स्थिति बिगड़ने पर सीधे राजनांदगांव रेफर कर दिया जाता था। परन्तु अब सिजेरियन की स्थिति बनने पर डिलेवरी यहीं हो सकेगी। गर्भवती महिलाओं को रेफर नहीं किया जाएगा। यह सुविधा शुरू होने से शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बीएमओ इक्का ने बताया कि ब्लड डोनेट करने से लेकर मरीजों को ब्लड चढ़ाने की सुविधा नई बिल्डिंग में अब मिलने लगेगी। पहले ब्लड बैंक नहीं होने से राजनांदगांव तक सफर तय करना पड़ता था। दोनों स्वास्थ्य सुविधाओं के शुरू होने से क्षेत्र की जनता को बड़ा लाभ मिलेगा।

इसके अलावा प्रतिदिन यहां पर ओपीडी में 350-400 मरीज पहुंच रहे हैं। एनआरसी के अंतर्गत कुपोषित बच्चों का नि:शुल्क भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। दंत रोग व नेत्र रोग की रोजाना ओपीडी नई बिल्डिंग में लग रही है। अब तक यहां पर 800 मरीजों के नेत्रों का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन हो चुका है।

Leave a comment