राजनांदगांव ग्रीष्म ऋतु में मोहारा स्थित शिवनाथ नदी में अभी से नदी का जल स्तर कम होने के कारण जल संग्रहण में कमी आई है। जिससे शहर के पानी टंकियों को भरने में काफी समय लग रहा है, जिसके कारण शहर में दोनों समय पानी सप्लाई करने में कठिनाई आ रही है। दो समय के स्थान पर अब एक समय सुबह 7 बजे सप्लाई का निर्णय लिया गया है। गर्मी से पहले ही लगभग सूख चुकी शिवनाथ नदी को बैराज के पानी से रिचार्ज किया जा रहा है। मोंगरा बैराज से 250 एमसीफटी पानी छोड़ा गया है। यह पानी अगले दो दिन में शहर के मोहारा एनीकट से लेकर मोखली एनीकट तक पहुंचेगा।
ऐसी स्थिति पहली बार बनी है, जब गर्मी से पहले ही नदी को रिचार्ज करना पड़ा है। मोंगरा में पेयजल के लिए रिजर्व रखे गए पानी को समय से पहले छोड़ा गया है। इससे शिवनाथ के सभी हिस्सों में जलभराव कुछ हद तक राहत देगी। वहीं मोहारा एनीकट में पानी पहुंचने से शहर में पेयजल सप्लाई की समस्या भी खत्म होगी। बता दें कि वर्तमान में काफी कम मात्रा में पानी एनीकट में मौजूद है। इससे नदी में लगे दो इंटकवेल में से एक ने काम करना बंद कर दिया है। स्थिति यह है कि मोहारा वाटर फिल्टर प्लांट से सप्लाई आधी हो गई है। इसका असर नलों की टाइमिंग में पड़ रहा है। नलों की टाइमिंग इन दिनों कम हो गई।
आमतौर पर पेयजल के लिए हर साल मार्च के दूसरे सप्ताह या अंत में रिजर्व पानी मंगाया जाता रहा है। लेकिन शिवनाथ की स्थिति को देखते हुए दो जलाशयों से रिजर्व पानी मार्च के शुरुआती दिनों में ही छोड़ा जा चुका है। मोंगरा बैराज के पहले मटियामोती जलाशय से 50 एमसीएफटी पानी छोड़ा गया था।
मेयर ने की अपील, मांगा सहयोग: महापौर मधुसूदन यादव ने नागरिकों से कहा है कि मोहारा शिवनाथ नदी में एनीकट निर्माण के बाद नदी के सिल्ट की सफाई नहीं हो पाई है, जिससे एनीकट के 40 प्रतिशत हिस्से में सिल्ट जमा हो गया है। उन्होंने बताया कि सिल्ट निकालने का कार्य किया जा रहा है एवं जलाशयों से पानी भी लिया जा रहा है। पानी के पर्याप्त भण्डारण होने तक शहर में एक समय पर्याप्त पानी सप्लाई की जाएगी। जिससे थोड़ी असुविधा तो होगी, लेकिन ऐसी विषम परिस्थिति से हम सबको निपटना है।
