कान्यकुब्ज सभा एवं कैडेट क्लब राजनांदगॉव संयुक्त आयोजन में शहीद अरविन्द शंकर दीक्षित को देंगे श्रद्धांजलि

राजनांदगांव । शहीद ले. अरविन्द शंकर दीक्षित का शहादत दिवस 20 दिसंबर 2024, शुक्रवार को अपरान्ह 03.00 बजे कस्तूरबा महिला मंडल के हॉल में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम का आयोजन कान्यकुब्ज सभा एवं केडेट क्लब द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहेंगे।  
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कान्यकुब्ज सभा के सचिव अजय शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम में सर्वप्रथम राष्ट्रगान होगा, तत्पश्चात शहीद ले. अरविंद शंकर दीक्षित के तैलचित्र पर पुष्पचक्र अर्पित किया जायेगा, साथ ही रिजर्व पुलिस लाईन की सलामी गारद द्वारा सशस्त्र सलामी दी जायेगी।  कार्यक्रम में 105 इंजीनियर्स रेजीमेंट के अधिकारी,  जिला पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ  अधिकारीगण,  38 वीं छत्तीसगढ़ एन. सी. सी. बटालियन के अधिकारीगण, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, सीनियर एवं जूनियर डिवीजन तथा नेवल विंग के एन.सी.सी. केडेट्स, स्काउट गाईड, भूतपूर्व सैनिकगण,  तथा गणमान्य नागरिकगण श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। प्रार्थना सभा, जीवन परिचय  एवं  अतिथियों के उद्बोधन के पश्चात सेना व पुलिस के शहीदों को दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी जायेगी। उल्लेखनीय है कि 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध के दौरान ले. अरविन्द शंकर दीक्षित ने 105 इंजीनियर्स रेजीमेंट का प्रतिनिधित्व करते हुए जम्मू कश्मीर के राजौरी सेक्टर में बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने के प्रयास में 20 दिसंबर 1971 को वीरगति प्राप्त की थी । उनके शहादत दिवस पर विगत 25 वर्षों से यह अभिनव कार्यक्रम प्रतिवर्ष 20 दिसंबर को संस्कारधानी में आयोजित किया जाता है। कान्यकुब्ज सभा के अध्यक्ष पं. प्रदीप मिश्रा एवं महिला शाखा की अध्यक्षा ममता अवस्थी तथा केडेट क्लब के अध्यक्ष अमित चंद्रवंशी ने सभी सदस्यों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *