रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्मार्ट आंगनबाड़ी निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर जैनम कंस्ट्रक्शन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कलेक्टर ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

दरअसल दंतेवाड़ा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों को स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्रों के रूप में विकसित करने बीएसपी सीएसआर योजना अंतर्गत 12 स्मार्ट आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण कार्य के लिए प्रत्येक केंद्र के लिए 15 लाख की दर से कुल एक करोड़ 80 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई थी। आंगनबाड़ी निर्माण कार्य के लिए निविदा (टेण्डर) आमंत्रित की गई थी। जिसमें सबसे कम दर प्रस्तुत करने पर जैनम कंस्ट्रक्शन, बाजारपारा गीदम जिला दंतेवाड़ा को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया था।

निर्माण कार्य के लिए संबंधित फर्म को एक करोड़ 39 लाख रुपये की राशि अग्रिम रूप से प्रदाय की गई थी। लेकिन काम की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें प्राप्त होने पर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार जांच समिति गठित की गई। समिति ने प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं और शासकीय धनराशि के दुरुपयोग की पुष्टि की।

जैनम कंस्ट्रक्शन द्वारा निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया और शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है। उक्त तथ्यों के आधार पर जैनम कंस्ट्रक्शन, बाजारपारा गीदम, जिला दंतेवाड़ा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा है कि शासकीय योजनाओं में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *